अंतर्राष्ट्रीय
25-May-2026


कमरे से चीखने की आवाजें सुन स्टाफ और सिक्योरिटी पहुंची, एंड्रिया खून से लथपथ मिली पेरिस,(ईएमएस)। 2025 मिस वेनेजुएला एंड्रिया डेल वाल के साथ कान्स फिल्म फेस्टिवल में एक बेहद खौफनाक और चौंकाने वाली घटना घटी। फेस्टिवल के बीच उनके होटल के कमरे में उन पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला मशहूर सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लगुना ने किया। लगुना वीडियो में सोफे पर आराम से बैठा नजर आ रहा है। होटल के उसी फ्लोर पर ठहरे अन्य मेहमानों को जब कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्टाफ और सिक्योरिटी को दी। इसके बाद, तुरंत पुलिस को बुलाया गया और जियोवानी लगुना को मौके पर ही दबोचा लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एंड्रिया ने बहादुरी दिखाते हुए अपने फोन पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एंड्रिया का पूरा चेहरा खून से सना है और वह गहरे सदमे में है। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा है, जो बयां कर रहा है कि वहां कितनी बर्बरता से हाथापाई हुई। वहीं हमलावर जियोवानी लगुना वीडियो के एक कोने में चुपचाप बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरी फुटेज में वह हाथ में जूता पकड़े मिस वेनेजुएला को मारने की मुद्रा में बैठा दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक खून से लथपथ होने के बावजूद एंड्रिया ने कैमरे के सामने स्पेनिश भाषा में अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देखो, यह सब जियोवानी लगुना ने किया है। बहुत-बहुत बधाई हो, जियोवानी…मैं चाहती ही थी कि तुम दुनिया के सामने अपनी असली पहचान और अपना असली चेहरा दिखाओ। इस दिल दहला देने वाली घटना ने फैशन और सिनेमा जगत को पूरी तरह हिलाकर रख दिया। हर कोई एंड्रिया के हौसले की तारीफ करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। सिराज/ईएमएस 25मई26