अंतर्राष्ट्रीय
25-May-2026


ढाका,(ईएमएस)। बकरीद से पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान में हुए दो बड़े सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। यात्रियों से भरे दोनों देशों के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिनमें कुल 32 लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं। बांग्लादेश में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मध्य बांग्लादेश के प्रमुख राजमार्ग पर यात्रियों से भरा एक ट्रक पलट गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हुए हैु। मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के मुताबिक यह हादसा तंगेल जिले के सोरातोइल इलाके में सुबह करीब पांच बजे हुआ। यह क्षेत्र राजधानी ढाका से करीब 83 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। पुलिस ने बताया कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक अचानक पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक ट्रक में सवार ज्यादातर लोग दिहाड़ी मजदूर थे, जो ईद अल-अजहा की छुट्टियां मनाने अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पाकिस्तान में भी सोमवार को उत्तर-पश्चिमी इलाके में एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से टकरा गई, जिससे कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना मरदान जिले के स्वात एक्सप्रेसवे पर हुई। शुरुआती जांच में पता चला कि सड़क किनारे खड़ी बस में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे रोकना पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बस में सवार यात्री ऊपरी दीर और बाजौर जिलों के निवासी थे और स्वात घाटी की ओर जा रहे थे। बचाव दल लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। सिराज/ईएमएस 25मई26