क्षेत्रीय
25-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | अगले 40 दिनों यानि 10 जुलाई तक किसी भी नल-जल योजना व जल आपूर्ति स्त्रोत का बिजली कनेक्शन, बिल जमा न होने की वजह से कदापि न काटें। साथ ही नल-जल योजनाओं व अन्य पेयजल स्त्रोतों का यदि कोई ट्रांसफार्मर या विद्युत लाइन खराब है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर है। इस संबंध में मुख्य सचिव द्वारा भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसलिये विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी इन दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विधायक श्री मोहन सिंह राठौर की मौजूदगी में आयोजित हुई जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आगाह करते हुए दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत, विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक ग्रामीण श्री पी आर पाराशर व महाप्रबंधक शहरी श्री संदीप कालरा सहित बिजली कंपनी के अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को जानकारी दी कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को धनराशि जारी की गई है। विद्युत बिल से संबंधित 30 प्रतिशत राशि पंचायतों के माध्यम से जमा कराई जा रही है। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखकर पूरी सजगता व मुस्तैदी के साथ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे पेयजल आपूर्ति में दिक्कत न आए। उन्होंने विद्युत लाइनों के संधारण में तेजी लाने पर भी बल दिया।