राज्य
25-May-2026


अंबरनाथ, (ईएमएस)। अंबरनाथ के ऑर्डनेंस एमटीपीएफ (मशीन टूल प्रोटोटाइप फॅक्टरी) कारखाना में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल फैक्ट्री की छत पर सुरक्षा जाल लगाने का काम चल रहा था, तभी अचानक हाइड्रॉलिक लिफ्टर (क्रेन) असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में लिफ्टर पर काम कर रहे वसीम नामक मजदूर नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में पिछले कुछ दिनों से छत की मरम्मत और पुराने टीन शेड बदलने का काम जारी था। कुछ दिन पहले भी छत का एक हिस्सा नीचे गिरा था, जिसके बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। हादसे के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों और मजदूरों में भारी नाराजगी देखी गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना कंत्राटदार और प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि लिफ्टर चलाने वाला ऑपरेटर प्रशिक्षित नहीं था और सुरक्षा नियमों का पालन भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा था। मजदूरों के अनुसार, ऊंचाई पर काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण और निगरानी की भी कमी थी। हादसे के तुरंत बाद घायल वसीम को पहले ऑर्डनेंस अस्पताल ले जाया गया और बाद में इलाज के लिए उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मालूम हो कि यह फैक्ट्री देश के लिए महत्वपूर्ण रक्षा और युद्ध सामग्री तैयार करने का काम करती है। ऐसे संवेदनशील सरकारी कारखाने में सुरक्षा मानकों को लेकर उठ रहे सवालों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। अब कर्मचारी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फैक्ट्री में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस