क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- मृत तीन मासूम बच्चियों के परिजनों को सौंपे चार-चार लाख रुपये सहायता राशि के स्वीकृति पत्र - गांव की पेयजल व्यवस्था सुधारने अधिकारियों को दिए निर्देश रायसेन (ईएमएस)। जिले की गैरतगंज तहसील के आदिवासी बहुल ग्राम सगौर में हुए दर्दनाक कुएं हादसे के बाद सोमवार को क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी गांव पहुंचे। उन्होंने हादसे में मृत तीन मासूम बच्चियों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शासन की ओर से स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि के पत्र सौंपे। विधायक डॉ. चौधरी ने पीड़ित परिवारों से कहा कि इस दुख की घड़ी में शासन और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। एक-दूसरे को बचाने में चली गई तीन मासूमों की जान गौरतलब है कि शनिवार सुबह ग्राम सगौर की तीन बालिकाएं गांव के कुएं में नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान एक बालिका का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बालिका भी कुएं में उतर गई, जबकि तीसरी बच्ची ने दोनों को बचाने की कोशिश की। लेकिन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में तीनों मासूम बच्चियां पानी में डूब गईं और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृत बालिकाओं के परिवारों को मिली आर्थिक सहायता हादसे में मृत बालिकाओं में अमृता पुत्री रामगोपाल आदिवासी (12 वर्ष), तनु पुत्री हल्केराम आदिवासी (12 वर्ष) एवं राधा पुत्री हल्केराम आदिवासी (11 वर्ष) शामिल हैं। राज्य शासन द्वारा आरबीसी 6-4 के अंतर्गत तीनों मृत बालिकाओं के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने पीड़ित परिजनों को सहायता स्वीकृति पत्र सौंपते हुए कहा कि स्वीकृत राशि शीघ्र ही उनके खातों में पहुंच जाएगी। पेयजल समस्या के समाधान के दिए निर्देश ग्राम सगौर पहुंचने के दौरान विधायक डॉ. चौधरी ने गांव की पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि गांव में एक नवीन सामुदायिक कूप की स्वीकृति हो चुकी है और इसका निर्माण कार्य ग्राम पंचायत द्वारा जल्द शुरू कराया जाएगा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में शीघ्र और सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल सके। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर बीजेपी मंडल अध्यक्ष वीर सिंह पटेल, वरिष्ठ नेता बृजेश चतुर्वेदी, भागचंद चौरसिया, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष हरिनारायण धाकड़, सरपंच सैयद मसूद अली पटेल, भगवान सिंह लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में अनुविभागीय अधिकारी अंकित जैन, कार्यपालक मजिस्ट्रेट नरेश सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सीईओ पूजा जैन तथा एसडीओ आरईएस नरेश ठाकरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। - ईएमएस रायसेन 26/05/2026