क्षेत्रीय
26-May-2026
...


- प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर एफआईआर दर्ज और गिरफ्तारी की मांग रायसेन (ईएमएस)।रीवा में जैन समाज की दो साध्वियों की सड़क हादसे में मौत के विरोध में सोमवार को रायसेन में सकल जैन समाज के लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। समाजजनों ने शहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठजन एकत्रित होकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। समाजजनों ने बताया कि रीवा जिले में दो जैन साध्वियों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया था।जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे जैन समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। इसलिए दोषियों के खिलाफ तत्काल रीवा पुलिस थाने एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर सजा दिलाने की मांग भी की गई।प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने हाथों में तख्तियां और झंडे बैनर लेकर शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी की। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि साधु-संत अहिंसा और शांति का संदेश देते हैं, ऐसे में उनके साथ हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन तेज किया जाएगा।ज्ञापन में प्रशासन से धार्मिक यात्राओं के दौरान साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग भी की गई। समाज के लोगों ने कहा कि सड़कों पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार पर नियंत्रण जरूरी है।ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।प्रशासनिक अधिकारियों ने जैन समाजजनों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन शासन तक भेजा जाएगा और मामले में उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। - (ईएमएस) रायसेन 26/05/2026