फिरोजाबाद(ईएमएस)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) त्योहार को शांति, सुरक्षा और पूर्ण सौहार्द के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी संतोषआ कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल मार्च (फ्लैग मार्च) किया। - सुरक्षा व्यवस्था और रूट का निरीक्षण यह पैदल मार्च स्थानीय जैन मंदिर से प्रारंभ होकर गांधी पार्क और नाल बन चौराहा होते हुए ईदगाह मस्जिद तक पहुंचा। मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, रूट पर भीड़ नियंत्रण के इंतजामों और त्योहार से जुड़ी अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस महत्वपूर्ण पैदल मार्च के दौरान एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुस्तैद रहे। उन्होंने मातहतों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने और संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। - शांति और सौहार्द की अपील जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। वहीं, एसएसपी आदित्य लांगेह ने दो टूक शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और आम जनता से संवाद करते हुए अपील की कि वे आगामी बकरीद के त्योहार को आपसी भाईचारे, सोहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद