क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के नाम पर बड़े मुनाफे का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने राजधानी के एक कारोबारी और उनके परिचित निवेशकों से 84 लाख 63 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब निवेश की गई रकम वापस नहीं मिली और आरोपियों से संपर्क पूरी तरह टूट गया। पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नगर निवासी अविनाश लोखंडे शेयर बाजार से जुड़ी एक ब्रोकिंग फर्म का संचालन करते हैं। जून 2025 में उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से कुछ लोगों ने संपर्क किया। खुद को निवेश विशेषज्ञ और ट्रेडिंग सलाहकार बताने वाले इन लोगों ने शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश कर कम समय में अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया और सामान्य निवेश की प्रक्रिया शुरू कराई। कुछ समय तक सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, जिससे पीड़ित को प्लेटफॉर्म और सलाहकारों पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने प्रीमियम श्रेणी के आईपीओ कम कीमत पर उपलब्ध कराने और निवेश पर कई गुना लाभ मिलने का दावा किया। आरोप है कि इसी झांसे में आकर अविनाश लोखंडे के साथ उनके परिचित निवेशकों ने भी राशि निवेश करने का निर्णय लिया। पीड़ित के अनुसार अमित अग्रवाल, अशोक वर्मा, सौरभ अग्रवाल और श्याम सुंदर अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने भी आईपीओ में निवेश के लिए रकम उपलब्ध कराई। आरोपियों के निर्देश पर विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से चरणबद्ध तरीके से कुल 84.63 लाख रुपये जमा कराए गए। निवेशकों को भरोसा दिलाया गया था कि निर्धारित समय के भीतर आईपीओ आवंटित कर दिए जाएंगे और निवेश पर आकर्षक लाभ प्राप्त होगा। लेकिन रकम जमा होने के बाद न तो किसी निवेशक को आईपीओ मिला और न ही जमा की गई राशि वापस की गई। पीड़ितों ने जब आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। जिस ऑनलाइन एप्लीकेशन और प्लेटफॉर्म के माध्यम से ट्रेडिंग और निवेश की प्रक्रिया संचालित की जा रही थी, वह भी अचानक निष्क्रिय हो गया। इसके बाद निवेशकों को एहसास हुआ कि वे सुनियोजित साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया है या नहीं। पुलिस ने निवेशकों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के निवेश संबंधी प्रस्ताव पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। विशेष रूप से सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या टेलीग्राम के माध्यम से मिलने वाले निवेश ऑफरों की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही कोई वित्तीय लेन-देन करें, ताकि इस प्रकार की साइबर ठगी से बचा जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 जून 2026