क्षेत्रीय
04-Jun-2026
...


- मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल कोंडागांव (ईएमएस)। जिले के केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक चिकित्सक पर शराब के नशे में ड्यूटी करने और मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की शिकायत पुलिस से लेकर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, केशकाल अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर शैलेंद्र भोयर पर आरोप है कि वे ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मरीज का उपचार करने से इंकार कर दिया और विरोध करने पर मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। मरीज के बेटे वसीम मेमन ने बताया कि वह अपने बीमार पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था। जब उसने डॉक्टर से उपचार करने का अनुरोध किया तो डॉक्टर कथित रूप से भड़क गए और उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। वसीम का आरोप है कि डॉक्टर ने हाथ उठाने का भी प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी स्थानीय पत्रकारों और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) को दी। अस्पताल की स्टाफ नर्स कांति मंडावी ने भी डॉक्टर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर भोयर के शराब के नशे में अस्पताल आने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। उनके अनुसार अस्पताल स्टाफ ने कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया, लेकिन स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ। नर्स का कहना है कि पूर्व में भी मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं इस पूरे मामले पर केशकाल बीएमओ डॉ. डी.के. बिसेन ने बताया कि डॉक्टर शैलेंद्र भोयर के खिलाफ पूर्व में भी शराब के नशे में ड्यूटी करने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। विभाग की ओर से उन्हें नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन शिकायतों का सिलसिला जारी रहा। डॉ. बिसेन ने कहा कि ताजा घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और वह अपने स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। घटना के बाद अस्पताल में उपचार कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर यदि चिकित्सक नशे की हालत में ड्यूटी करेंगे तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - (ईएमएस) 04 जून 2026