जयपुर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित गौरवपूर्ण 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक और पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाई।मंत्री कुमावत ने एक पेड़ मां के नाम राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सुमेरपुर में पौधारोपण किया। उन्होंने आमजन से प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। इसके साथ ही सुमेरपुर के जाखामाता औद्योगिक क्षेत्र में जाखामाता औद्योगिक विकास समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्र के उद्यमियों से आत्मीय भेंट कर औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक संवाद किया। चर्चा के दौरान क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, उद्योगों के विस्तार, रोजगार के नए अवसरों के सृजन तथा औद्योगिक इकाइयों के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में विचार-विमर्श किया। दौरे के अंतिम चरण में कैबिनेट मंत्री ने अपने निजी आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से आए ग्रामीणों और शहरवासियों ने अपनी बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मंत्री कुमावत ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया और शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। - 14 जून 2026