अंतर्राष्ट्रीय
14-Jun-2026


तेहरान को 12 अरब डॉलर देगा कतर! कतर,(ईएमएस)। कुछ दिनों पहले तक अमेरिका और उसके खाड़ी सहयोगी ईरान को आर्थिक और सैन्य दबाव में लाने की रणनीति बना रहे थे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग तो यहां तक सोच रहा था कि फ्रीज किए गए ईरानी फंड का इस्तेमाल सऊदी अरब, यूएई, कुवैत और बहरीन जैसे देशों को ईरानी हमलों से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किया जाए, लेकिन अब तस्वीर उलटी नजर आ रही है। पहले यूएई से अरबों डॉलर ईरान तक पहुंचने की खबरें सामने आईं और अब कतर ने भी तेहरान के लिए 12 अरब डॉलर के वित्तीय पैकेज की पेशकश की है। यह सब तब हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चर्चा में चल रहा समझौता रविवार को साइन हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कतर ने ईरान को 12 अरब डॉलर का पैकेज देने का प्रस्ताव रखा है। इसमें 6 अरब डॉलर उन ईरानी संपत्तियों से आएंगे जो कतर के बैंकों में फ्रीज हैं। बाकी 6 अरब डॉलर कर्ज या क्रेडिट लाइन के रूप में दिए जा सकते हैं। हालांकि 2023 के अमेरिका-ईरान समझौते के तहत जारी होने वाले 6 अरब डॉलर केवल मानवीय जरूरतों पर खर्च किए जा सकेंगे, लेकिन अतिरिक्त 6 अरब डॉलर को लेकर कहा जा रहा है कि ईरान उसे अपनी जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल कर सकता है। इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यूएई ने ईरान के साथ एक अलग व्यवस्था की है। यूएई ने ईरान के हमले रुकवाने और तनाव कम करने के बदले अरबों डॉलर देने पर सहमति जताई। दो क्षेत्रीय सूत्रों ने दावा किया कि यह रकम 10 अरब डॉलर तक हो सकती है, जबकि अन्य सूत्रों ने इसे 20 अरब डॉलर तक बताया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि शुरुआती 3 अरब डॉलर पहले ही ईरान तक पहुंचाए जा चुके हैं। हालांकि यूएई के विदेश मंत्रालय ने बाद में रिपोर्टों का खंडन करते हुए कहा कि 3 अरब डॉलर समेत फंड ट्रांसफर से जुड़ी खबरें ‘पूरी तरह झूठी और निराधार’ हैं। इन सब घटनाक्रमों के बीच ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता रविवार को साइन होने वाला है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- डील साइन होने वाली है और इसके तुरंत बाद होरमुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार को अपने नियंत्रण में लेकर नष्ट करेगा। सिराज/ईएमएस 14जून26