ग्वालियर ( ईएमएस ) गजराराजा मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस सेकंड ईयर के दो छात्र शनिवार शाम तिघरा डैम में डूब गए। संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण दोनों दोस्त करीब 40-50 फीट गहरे पानी में समा गए थे। प्रशासन और SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। मेडिकल कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं (4 छात्र और 4 छात्राएं) का ग्रुप शनिवार शाम को तिघरा डैम पहुंचा था। ये सभी बोट क्लब से करीब 3 किलोमीटर दूर कच्ची पार इलाके में चले गए थे, जहां आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक है। शाम करीब 7 बजे आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल पानी में उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पथरीले किनारे पर अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वे सीधे गहराई में चले गए। बाकी साथी जब पिकनिक स्पॉट से नीचे आए और काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटे तो तलाश शुरू हुई। डैम के किनारे दोनों छात्रों के कपड़े और जूते सलीके से रखे मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने देर रात ही गोपाल अग्रवाल का शव पानी से निकाल लिया था। दूसरे छात्र आयुष श्रीवास्तव का शव रविवार दोपहर करीब 2 बजे मिला। उनका शव 50 फीट गहराई में पत्थरों और झाड़ियों के बीच फंसा हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |