- लाखों के जेवरात और सामान उड़ाए - इलाके में दहशत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस बोकारो (ईएमएस)। चीरा चास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ा इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यह मकान लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग विजय कुमार मिश्रा का है, जो पिछले तीन महीनों से गंभीर बीमारी के इलाज के सिलसिले में तमिलनाडु के वेल्लोर में हैं। चोरों ने घर खाली होने का पूरा फायदा उठाया और 14 तारीख की रात इस घटना को अंजाम दिया। चोरी की इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ, जब विजय कुमार मिश्रा के बड़े भाई शिव नारायण मिश्रा उनके घर की तरफ गए। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा (मेन गेट) खुला हुआ है। जब वे अनहोनी की आशंका के चलते अंदर दाखिल हुए, तो कमरे का नजारा देखकर दंग रह गए; घर का सारा कीमती सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत वेल्लोर में मौजूद अपने छोटे भाई विजय कुमार को फोन कर इस चोरी की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और लॉकर के ताले तोड़ डाले थे। शातिर चोर घर से टीवी, इंडक्शन चूल्हा, इनवर्टर, कीमती कपड़े और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बटोर ले गए। कमरों में रखे बक्से टूटे हुए थे और पूरे घर में सामान तितर-बितर था। शिव नारायण मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनके भाई से फोन पर हुई बातचीत के अनुसार, घर में रखे उनकी पत्नी और बहू के सोने-चांदी के जेवरात भी गायब हैं। हालांकि, जेवरों की सही मात्रा और उनकी सटीक कीमत का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। पीड़ित परिवार की बेटी और दामाद के बोकारो पहुंचने के बाद ही चोरी गई नकदी और जेवरातों की पूरी सूची सामने आ पाएगी। बुजुर्ग के सूने घर में हुई इस बड़ी चोरी के बाद से स्थानीय निवासियों और पड़ोसियों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों का सुराग लगाने के लिए घर के आसपास तथा मोहल्ले की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। - ईएमएस 15 जून 2026