- 4 युवक गिरफ्तार, 3 वाहन बरामद : सरगना डिलेवरी बॉय फरार जबलपुर, (ईएमएस)। इंदौर से दुपहिया वाहनों की चोरी कर उसे जबलपुर लाकर बेचने वाले गिरोह का गढ़ा पुलिस ने भंड़ाफोड़ किया है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत के 3 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वहीं मुख्य सरगना इंदौर में डिलेवरी बॉय का काम करता है जो अभ्री फरार बताया जाता है | इस संबंध में थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मेडिकल कॉलेज परिसर में दो युवक बिना नंबर की स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं और सस्ते दामों में वाहन बेचने की फिराक में हैं। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी । इस दौरान पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम की घेराबंदी के चलते उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए अभिषेक व सुरेंद्र नामक युवको से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इंदौर के तिलकनगर से स्कूटी चोरी करना बताया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा बड्डा बाबा मैदान गढ़ा में दो वाहन बेचने की फिराक में खडे़ राहुल व शुभम नामक युवकों को पकड़ा गया तथा उनके पास से तुकोगंज थाना इंदौर चोरी हुए वाहन बरामद किए गए। इस तरह चारों से कुल 3 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने आरिपयों से की गई गहन पूछताछ में पाया कि एक आयुष नामक युवक जो कि पूर्व में धनवतंरीनगर क्षेत्र में रहता था और वर्तमान में इंदौर में डिलेवरी ब्याय का काम करता है। उसके सहयोग से ही वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आयुष के विरुद्ध इंदौर में भी कई थाना क्षेत्रों में चोरी की एफआईआर दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य जिलों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साथ ही बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की तलाश जारी है। अजय पाठक / मोनिका / 15 जून 2026/ 03.24