क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- डीआईजी ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ मुंगेर, (ईएमएस)। मुंगेर पुलिस केंद्र में सोमवार को 196 प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया। बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस समारोह में मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षु जवानों ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया। पुलिस केंद्र मैदान में आयोजित परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीआईजी राकेश कुमार ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मानवाधिकारों के संरक्षण के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों और अनुशासन को अपने सेवा जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डीआईजी ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इस विश्वास को बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, प्रशिक्षण केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी और कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह में प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को सम्मानित भी किया गया। दीक्षांत परेड के दौरान पूरा पुलिस केंद्र देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा। परेड के सफल आयोजन के साथ ही 196 प्रशिक्षु सिपाही अब बिहार पुलिस बल में अपनी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं। - १५ जून/२०२६/ईएमएस