क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- रोहतास पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा रोहतास, (ईएमएस)। डेहरी नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के महंगे सामानों की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कार, कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑनलाइन ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। डेहरी नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि 13 जून की शाम करीब साढ़े आठ बजे डेहरी और सासाराम की फ्लिपकार्ट टीम तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पार्सलयुक्त सामान के साथ थाना लेकर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इनमें से दो व्यक्ति फ्लिपकार्ट के डिलीवरी ब्वाय थे, जबकि तीसरा व्यक्ति डुप्लीकेट सामान तैयार करने का काम करता था। पुलिस ने जब तीनों से गहन पूछताछ की तो पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि इस अवैध कारोबार का संचालन समस्तीपुर निवासी सत्यकाम उर्फ किशु और अमर राजा द्वारा किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्हें प्रति माह 40 हजार रुपये का लालच देकर गिरोह में शामिल किया गया था। जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भेजे जाने वाले महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की अदला-बदली करना था। आरोपी डिलीवरी के दौरान पार्सल में रखे असली और महंगे सामान निकाल लेते थे तथा उनकी जगह नकली या कम कीमत वाले उत्पाद रख देते थे। इसके बाद बदला हुआ पार्सल ग्राहकों को सौंप दिया जाता था, जिससे कंपनी और उपभोक्ता दोनों को आर्थिक नुकसान होता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की मदद से एक संदिग्ध वाहन संख्या बीआर09एएस-7551 की पहचान की गई। सूचना के आधार पर गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में वाहन को रोककर जांच की गई, जहां से अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को हिरासत में लिया गया। दोनों को डेहरी नगर थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसमें गिरोह की गतिविधियों की पुष्टि हुई। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सोनी कैमरा, दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, तीन एप्पल हेडफोन, 15 बॉडी कैमरा, छह स्मार्ट वॉच, तीन गो-प्रो कैमरा, पांच ईयरबड्स, 14 मोबाइल चार्जर एवं डाटा केबल तथा एक प्लास्टिक सीलिंग मशीन बरामद की। इसके अलावा वाहन से दो हार्ड एयर गन भी जब्त की गई हैं। बरामद सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार प्रिंस और हर्षल कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित ठगी गिरोह का मामला प्रतीत होता है। गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भेजे जाने वाले महंगे सामानों की अदला-बदली कर उपभोक्ताओं और कंपनी को नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। - १५ जून/२०२६/ईएमएस