बिलासपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है और उनका कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्णिम दौर के रूप में याद किया जाएगा। रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए नंदन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को प्रधान सेवक मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया गया है। वैश्विक स्तर पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा नंदन जैन ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ते विदेशी निवेश और मजबूत विदेश नीति ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई है। आज भारत दुनिया को समाधान देने वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन, पंचतीर्थ और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने वाले कदम हैं। छत्तीसगढ़ को मिला विकास का लाभ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, रेलवे विस्तार, किसान हितैषी योजनाओं और उड़ान योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विशेष लाभ मिला है। प्रदेश में लाखों आवासों का निर्माण किया जा रहा है तथा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रेसवार्ता में भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। - 15 जून 2026