- स्मार्ट सिटी के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं का संकट बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के सरकंडा क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 60 कपिल नगर एवं वार्ड क्रमांक 62 की मूलभूत समस्याओं को लेकर रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में वार्डवासियों ने प्रेसवार्ता आयोजित की। इस दौरान क्षेत्र के प्रतिनिधि विकास सिंह ठाकुर, हिमांशु राई, रतन तिवारी एवं सिद्धार्थ तिवारी ने वार्ड में सप्लाई हो रहे गंदे एवं बदबूदार पानी को मीडिया के सामने प्रदर्शित करते हुए नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विकास सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत मिशन योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावे किए गए थे, लेकिन आज भी लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है। दूषित पानी के कारण पीलिया, डायरिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है। प्रशासन व जनप्रतिनिधि नहीं दे रहे ध्यान हिमांशु राई ने कहा कि एक ओर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर कपिल नगर जैसे क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता व्यापक जनआंदोलन और प्रदर्शन करेगी। दूषित व बदबूदार पेयजल पहुंच रहा घर दूषित और बदबूदार पेयजल आपूर्ति बंद कर शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाए। अमृत मिशन योजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए। पेयजल पाइपलाइन की जांच कर लीकेज और प्रदूषण के स्रोतों को दूर किया जाए। क्षेत्र में जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। वार्डवासियों का कहना है कि वर्षों से समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। - 15 जून 2026