राष्ट्रीय
15-Jun-2026


जोधपुर,(ईएमएस)। राजस्थान में जोधपुर दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर बड़ा आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने पूर्व सीएम गहलोत को जोधपुर के विकास को जानबूझकर बाधित करने और राज्य में पेयजल संकट के लिए जिम्मेदार मानकर कहा, जोधपुर को विकास में पीछे धकेलने का पाप अशोक गहलोत ने किया है। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने दावा किया कि गहलोत की गलत नीतियों के कारण राजस्थान की जनता को प्यासा रहना पड़ा और पेयजल की दुर्दशा के एकमात्र जिम्मेदार वे ही हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जलशक्ति मंत्री के रूप में उन्होंने राजस्थान को सर्वाधिक संसाधन उपलब्ध कराए थे, लेकिन गहलोत सरकार ने टेंडर प्रक्रियाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। उन्होंने उस दौर का जिक्र भी किया जब जोधपुर के लोगों को गड्ढे खोदकर पानी निकालना पड़ता था। केंद्रीय मंत्री ने जोधपुर एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर गहलोत के दावों को खारिज किया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गहलोत ने इस परियोजना को रोकने या विलंबित करने के लिए हर संभव षड्यंत्र रचे थे। उन्होंने प्रमाण के साथ कहा कि गहलोत केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इसतरह के बयान देते हैं। पूर्व सीएम गहलोत के अपनी सरकार गिराने की साजिश वाले बयानों पर भी केंद्रीय मंत्री शेखावत ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि गहलोत इसका एक भी प्रमाण दें। शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा के बयान का हवाला देकर कहा कि सरकार गिराने का काम खुद गहलोत ने किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अपने विधायकों को परेशान करते थे, उनकी फोन टैपिंग करते थे और फिर दूसरों पर आरोप मढ़ते थे। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने गहलोत को अपने गिरेबान में झांकने की सलाह देकर दोहराया कि जोधपुर की जनता ने उन्हें 15 साल दिए, लेकिन शहर को विकास में पीछे रखने का पाप उन्हीं का है। आशीष दुबे / 15 जून 2026