-एआई और रोबोटिक्स पर बढ़ाया फोकस बीजिंग,(ईएमएस)। चीन ने अपनी उच्च शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए वर्ष 2021 से 2025 के बीच 12,200 स्नातक डिग्री कार्यक्रमों को बंद या निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही 10,200 नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। यह बदलाव देश के कुल विश्वविद्यालय पाठ्यक्रमों के 30 प्रतिशत से अधिक हिस्से को प्रभावित करता है। चीन सरकार का मानना है कि कला, मानविकी, विदेशी भाषाओं और प्रबंधन जैसे कई पारंपरिक पाठ्यक्रमों में रोजगार के अवसर कम हो गए हैं, जबकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स, डेटा विज्ञान, उन्नत इंजीनियरिंग और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी कारण विश्वविद्यालयों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस नई नीति से चीन को दो बड़े लाभ मिलने की उम्मीद है। पहला, विश्वविद्यालयों से निकलने वाले छात्रों को रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी। दूसरा, चीन को एआई, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स और भविष्य की प्रौद्योगिकियों में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा। हालांकि कुछ शिक्षाविदों ने चेतावनी दी है कि केवल पाठ्यक्रम बदल देने से बेरोजगारी की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं होगी, फिर भी चीन इसे अपनी अर्थव्यवस्था और शिक्षा को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप ढालने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रहा है। एसजे/ईएमएस 15जून26