राष्ट्रीय
15-Jun-2026


अयोध्या (ईएमएस)। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने सोमवार को कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट की दान राशि में कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मिश्रा ने कहा कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि एसआईटी ने मार्गदर्शन के लिए आज मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है। उसके तुरंत बाद टीम यहां आएगी और अपना काम शुरू करेगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस मामले में किसी तरह की कोई ढिलाई होगी। पूर्व नौकरशाह नृपेंद्र मिश्रा ने कहाकि इस मामले के कई पहलू हैं। एक आपराधिक पहलू है और दूसरा भविष्य में सुधार से जुड़ा हुआ है। जब इन दोनों पहलुओं पर गंभीरता से काम होगा, तभी हम श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर ट्रस्ट जांच में पूरा सहयोग करेगा और एसआईटी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रविवार को जिला प्रशासन से भी बातचीत की थी और प्रशासन ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। मिश्रा ने इसे एक सामूहिक प्रयास और मंदिर के लिए एक महत्वपूर्ण दौर बताते हुए कहा कि हमें इस दौर से गुजरते हुए भविष्य की दिशा तय करनी है। जितेन्द्र 15 जून 2026