राज्य
15-Jun-2026
...


:: पड़ोसी देशों में नए केस मिलने से सुरक्षात्मक कदम उठा रहा भारत; कलेक्टर की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक संपन्न :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में आगामी रविवार, 28 जून को पल्स पोलियो महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 5 लाख 11 हजार 449 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाई जाएगी। अभियान की समीक्षा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि भारत में साल 2011 के बाद से पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है और वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने देश को पोलियो मुक्त घोषित कर दिया था। हालांकि, भारत के पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान सहित अफ्रीकी देशों (मोजाम्बीक व मलावी) में अभी भी पोलियो के नए केस मिल रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सुरक्षात्मक कदम के तौर पर इस अभियान को निरंतर चला रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि जागरूक होकर अभिभावक पहले ही दिन बच्चों को नजदीकी बूथ पर लाएं। :: पहले दिन बूथ पर पिलाएंगे दवा, छूटे बच्चों के लिए दो दिन घर-घर दस्तक :: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के पहले दिन (28 जून) शत-प्रतिशत बच्चों को बूथ पर दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद भी जो बच्चे किन्हीं कारणों से छूट जाएंगे, उन्हें अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कवर करेंगी। इसके साथ ही समुदाय को मिजल्स-रुबैला और नियमित टीकाकरण की गुणवत्तापूर्ण सेवाएं भी दी जाएंगी। :: 3600 बूथ और 4000 से अधिक कर्मचारी संभालेंगे कमान :: जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता ने बताया कि इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 4 ग्रामीण और 8 शहरी विकासखंडों में 3,600 से अधिक पोलिंग बूथ व मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। इस काम में 4,000 से ज्यादा कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे। अभियान के दौरान मुख्य फोकस निर्माण क्षेत्रों (कंस्ट्रक्शन साइट्स), मलिन बस्तियों, घुमंतु और माइग्रेटरी (प्रवासी) आबादी पर रहेगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे ट्रांजिट पॉइंट पर भी विशेष बूथ लगाए जाएंगे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय विभाग सहित रोटरी, लायंस, आईएमए, आईएपी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग की अपील की है। प्रकाश/15 जून 2026