इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को देवगुराड़िया रोड स्थित रेत मंडी में औचक दबिश दी। इस बड़ी कार्रवाई से रेत माफिया और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से यातायात बाधित करने और ओवरलोडिंग पाए जाने पर 3 डंपरों को जब्त कर खुडैल थाने खड़ा कराया है, जबकि 7 अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे बिचौली हब्सी एसडीएम अजय शुक्ला ने बताया कि देवगुराड़िया रोड रेत मंडी में सड़क किनारे डंपर खड़े होने से लगातार यातायात बाधित हो रहा था। साथ ही वाहनों में ओवरलोडिंग की शिकायतें भी मिल रही थीं। इस पर तहसीलदार अनिल पटेल, जिला खनिज अधिकारी जयदीप नामदेव, थाना प्रभारी करणी सिंह और खनिज निरीक्षक स्वाति व आलोक अग्रवाल की संयुक्त टीम ने अचानक घेराबंदी की। प्रशासन के अनुसार, मौके पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तत्काल हिरासत में लिया गया। अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और आम जनता के रास्ते में बाधा उत्पन्न करने वाले डंपरों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त चेकिंग और जब्ती की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्रकाश/15 जून 2026