-अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी पार्टी, वोटर अधिकार यात्रा के बाद से उत्साह मुजफ्फरपुर,(ईएमएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी बिहार में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। वोटर अधिकार यात्रा के बाद उत्साह काफी बढ़ा नजर आ रहा है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की मुजफ्फरपुर में चुनावी सभा की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के स्तर से अनुरोध किया गया है। कांग्रेस जिलाघ्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल के मुताबिक जल्द ही प्रियंका गांधी का कार्यक्रम तय होगा। साल 1991 में प्रियंका गांधी के पिता एवं पूर्व पीएम राजीव गांधी ने चक्कर मैदान ऐतिहासिक चुनावी सभा को संबोधित किया था। तब वैशाली से उषा सिंह चुनाव लड़ी थीं। 2010 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी की नेहरु स्टेडियम में सभा की थी। दरअसल, जिले की दो विस सीट मुजफ्फरपुर और सकरा पर कांग्रेस उम्मीदवार हैं। इनमें मुजफ्फरपुर कांग्रेस की सीटिंग सीट है। यहां से विधायक विजेंद्र चौधरी उम्मीदवार हैं। सकरा प्रत्याशी उमेश राम पिछले चुनाव में काफी कम मतों से हारे थे। इस बीच पार्टी के बड़े नेताओं के निर्देशन में बूथ प्रबंधन को विशेष रणनीति बनाई है। इसमें कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेवारी दी गई है। जिलास्तरीय प्रकोष्ठों के अध्यक्ष को एक-एक पंचायत की जिम्मेवारी सौंपी है। इसके अलावा प्रखंड अध्यक्षों को पंचायत प्रभारी व पंचायत अध्यक्षों को बूथ स्तरीय जिम्मेवारी दी गई है। नगर विधानसभा के लिए 40 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति गठित की है। समिति के अध्यक्ष की कमान जिलाध्यक्ष अरविंद मुकुल संभालेंगे। 39 सदस्यों में डॉ. गौरव वर्मा, हबीबुर रहमान, केदार सिंह पटेल, अरुण कुमार व अन्य नाम शामिल हैं। इसके अलावा सकरा सीट के लिए अरविंद मुकुल की अध्यक्षता में 19 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति में राम सागर प्रसाद, अलख निरंजन शर्मा व अन्य नाम हैं। सिराज/ईएमएस 23अक्टूबर25