पटना,(ईएमएस)। बिहार में विधानसभा चुनावी माहौल तेज है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आने वाले दिनों में करीब 100 जनसभाएं करने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, एनडीए गठबंधन के सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी सीटों पर मुख्यमंत्री की सभा कराने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सभी 243 विधानसभा सीटों पर नीतीश कुमार की सभाएं कराना संभव नहीं है, इसलिए जदयू (जेडीयू) ने विशेष रणनीति तैयार की है। जदयू की रणनीति के अनुसार, मुख्यमंत्री की जनसभाएं उन क्षेत्रों में आयोजित होंगी जहां से आसपास की विधानसभा सीटें भी कवर हो सके। इसका मकसद अधिकतम क्षेत्रों में पार्टी संदेश को पहुंचाना है। साथ ही, पार्टी ने अपने प्रदेश पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं को बूथ स्तर तक प्रचार अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा, पार्टी नेताओं जैसे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव की सभाओं की भी मांग लगातार बढ़ रही है। जदयू के सहयोगी दल- भाजपा, रालोमो, हम, और लोजपा (आर) भी मुख्यमंत्री की सभाओं की मांग कर रहे हैं ताकि गठबंधन की ताकत को ज़मीनी स्तर पर मज़बूती मिले। आशीष दुबे / 23 अक्टूबर 2025