खेल
16-Mar-2026
...


जीती तो मिलेगा फीफा विश्वकप में अवसर बगदाद (ईएमएस)। इराक की फुटबॉल टीम इस माह के अंत में मेक्सिको में 31 मार्च को फीफा विश्वकप फुटबॉल में प्रवेश के लिए इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ मुकाबले में उतरेगी। इस प्लेऑफ मुकाबले में इराक का सामना बोलीविया या सूरीनाम में से किसी एक टीम से होगा। इस मैच की विजेता टीम को विश्वकप में खेलने का अवसर मिलेगा। इराक की टीम ने आखिरी बार साल 1986 में फीफा विश्व कप खेला था। अब टीम के पास 39 साल बाद विश्व कप में वापसी करने का बड़ा मौका है और खिलाड़ी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इराक ने क्वालिफायर में भी अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने पांचवें राउंड में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 3-2 से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई थी। खाड़ी में जारी संघर्ष को देखते हुए टीम को निज विमान से भेजा जाएगा। इराकी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अदनान दिरजल ने कहा है कि खाड़ी में जारी संघर्ष को देखते हुए हालात बेहद खराब हैं। ऐसे में टीम को सुरक्षित भेजने की तैयारियां चल रही हैं। यह मुकाबला 31 मार्च को मेक्सिको के मोंटेरे शहर में खेला जाएगा। अदनान ने कहा कि मध्य पूर्व क्षेत्र में 28 फरवरी से ही हवाई क्षेत्र बंद है। जिस प्रकार से मध्यपूर्व में ड्रोन और मिसाइल हमले हो रहे हैं जिसमें टीम को सुरक्षित भेजना सबसे चुनौतीपूर्ण काम है। इन हालातों में हवाई यात्रा कठिन हो गयी है पर इसके बाद भी टीम को निजी विमान से मेक्सिको भेजा जाएगा। मेक्सिको ने सभी खिलाड़ियों को पहले ही वीजा जारी कर दिए हैं, जिससे टीम की यात्रा में परेशानी आने की संभावना नहीं है। अदनान के अनुसार फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने भी इस मामले में सहायता का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि फीफा महासचिव मथियास ग्राफस्ट्रॉम को टीम की यात्रा में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने की जिम्मेदारी दी गयी है। दिरजल ने बताया कि टीम इस सप्ताह के अंत तक निजी विमान से मेक्सिको के लिए रवाना होगी।उन्होंने खिलाड़ियों और स्टाफ से अपील की कि वे सभी कठिन हालातों के बदा भी केवल एक लक्ष्य पर ध्यान दें। उन्होंने कहा, हमारे पास सिर्फ 17 दिन बचे हैं और हमें पूरी तरह मैच की तैयारी पर ध्यान देना है। हमारा लक्ष्य क्वालिफाई करना। उन्होंने यह भी कहा कि इराक फुटबॉल संघ और कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने का पूरा प्रयास कर रहा है जिससे वह तनाव से मुक्त रहें। गिरजा/ईएमएस 16 मार्च 2026