खेल
16-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2026 शुरु होने से पहले ही करारा झटका लगा है। सर्जरी के बाद अबतक पूरी तरह से नहीं उबरने के कारण उसके तेज गेंदबाज हर्षित राणा आईपीएल से बाहर हो गये हैं। वह इससे पहले हुए आईसीसी टी20 विश्व कप से भी बाहर रहे थे। हर्षित चोटिल होने के कारण ही जनवरी से ही खेल के मैदान से बाहर हैं। मुंबई में हुए बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान भी वह बैसाखी के सहारे चल रहे थे। यहां तक कि वह मंच पर भी अवार्ड लेने नहीं गये। इससे अंदाजा होता है कि अभी उनकी खेल के मैदान में वापसी में समय लगेगा। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने स्वयं मंच से नीचे आकर राणा को यह सम्मान दिया। राणा का बैसाखी के सहारे इवेंट में पहुंचने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है। हर्षित को इस साल की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए एक टी20 विश्व कप के अभ्यास मुकाबले में घुटने में गेंद लग गई थी। इसी कारण वह टी20 विश्व कप टीम से भी बाहर हो गये थे। पिछले माह 9 फरवरी को उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। इसकी मेडिकल रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उन्हें ठीक होने में करीब दो से तीन महीने का समय लगेगा। केकेआर ने आईपीएल के लिए पहले ही जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी को मुस्तफिज़ुर रहमान की जगह टीम में शामिल कर लिया है पर एक अन्य तेज गेंदबाज श्रीलंका के मथीशा पथिराना के भी फिट नहीं होने से केकेआर की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। गिरजा/ ईएमएस 16 मार्च 2026