अलीगढ़ (ईएमएस)। जिले में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सेवाएं सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी मुस्तैदी और दक्षता के साथ संचालित की जा रही हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि दमकल विभाग का उद्देश्य प्रत्येक आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।विभाग निरंतर संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और कार्मिकों के प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता को और मजबूत बना रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न फायर स्टेशनों पर उपलब्ध अग्निशमन वाहनों और उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखा गया है। अग्निशमन कर्मियों की टीमें 24 घंटे आपात सेवाओं के लिए तैनात रहती हैं, जिससे सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ जा सके। विभाग द्वारा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और प्रभावी बनाया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग के कारण आग की घटनाओं में त्वरित नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। हाल ही में विभिन्न स्थानों पर लगी आग पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए बड़े नुकसान को टाला गया। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी समर्पण भाव से कार्य करते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने जनसामान्य से अपील की है कि आग लगने की स्थिति में तत्काल फायर सेवा को सूचना दें और घबराहट से बचें। समय पर दी गई सूचना से किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अग्निशमन विभाग हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ईएमएस /16/03/2026