राज्य
16-Mar-2026


:: स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध देश का आधार, टीकाकरण से सुरक्षित होगा भविष्य : मुख्यमंत्री इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही किसी भी समृद्ध राष्ट्र की असली बुनियाद होते हैं और एक निरोगी समाज के निर्माण में टीकाकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. यादव ने विशेष रूप से माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि समयबद्ध टीकाकरण के माध्यम से हम न केवल गंभीर बीमारियों को रोक सकते हैं, बल्कि देश के भविष्य को भी सुरक्षित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उन सभी स्वास्थ्य कर्मियों, संस्थाओं और टीम के सदस्यों को भी बधाई दी, जो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित कर स्वस्थ मध्यप्रदेश और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बनें। प्रकाश/16 मार्च 2026