जिले में कही भीन हो एलपीजी सप्लाई बाधित, एसडीएम निरंतर मॉनिटरिंग नरवाई प्रबंधन की समग्र योजना तैयार कर किया जाए उसका ठोस क्रियान्वयन समय सीमा की बैठक संपन्न नर्मदापुरम(ईएमएस)। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में नर्मदापुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, समाधान ऑनलाइन एवं समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान न्यायालयों एवं विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों में समय पर जवाब प्रस्तुत करते हुए प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में “संकल्प से समाधान अभियान” की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं का प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने और जहां भी जल आपूर्ति की समस्या की संभावना हो वहां पूर्व से ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने समय-सीमा बैठक के दौरान जिले में संचालित एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के टीकाकरण में तेजी लाई जाए तथा अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अब तक किए गए टीकाकरण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी फील्ड में सक्रियता दिखाते हुए अभियान को गति प्रदान करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी दो दिवस में टीकाकरण की प्रगति स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो। उन्होंने कहा कि दो दिनों के बाद पुनः समीक्षा की जाएगी और यदि प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई प्रतावित की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ अमले को सक्रिय करें तथा उन्हें इस अभियान के प्रति संवेदनशील बनाते हुए लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने समय-सीमा बैठक के दौरान संकल्प से समाधान अभियान एवं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि जिला स्तरीय शिविर आयोजित होने से पूर्व सभी क्लस्टर कैंप्स का आयोजन पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों में किसी भी प्रकार की लंबितता नहीं रहनी चाहिए और सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि अभियान के संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी जिला प्रबंधक लोक सेवा से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करें। उन्होंने एसडीएम को अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्रता का परीक्षण कर पट्टों पर हस्ताक्षर सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि एसडीएम स्तर पर किसी भी प्रकार की पेंडेंसी स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान इटारसी नगर पालिका के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर कलेक्टर ने सीएमओ इटारसी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में प्रारंभ होने वाले आगामी गेहूं उपार्जन के तहत की जा रही तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी एसडीएम तथा तहसीलदार यह सुनिश्चित कर लें कि उपार्जन हेतु की गई गिरदावरी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि ना हो। कलेक्टर ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान गिरदावरी में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाने पर संबंधित राजस्व अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन के लिए प्राप्त उपार्जन केंद्रों के प्रस्तावों का अनुमोदन भी शीघ्रता से करवाया जाए। साथ ही उपार्जन केंद्र के निर्धारण पश्चात संबंधित सहकारी समितियां का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। जिले में एलपीजी गैस सप्लाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समस्त राजस्व अधिकारियों सहित खाद्य विभाग से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत अधिक सक्रियता के साथ जांच बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी ना हो तथा उनके व्यावसायिक उपयोग भी पूर्ण रूप से बंद रहे यह समस्त अनुभागीय अधिकारी सुनिश्चित करें। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जिले में नरवाई प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समग्र योजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने तथा उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए ठोस रणनीति के साथ कार्य किया जाए। कलेक्टर ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि नरवाई प्रबंधन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एक दिवस के भीतर नरवाई प्रबंधन की पुख्ता कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। इस कार्ययोजना में संबंधित विकासखंड में नरवाई प्रबंधन के लिए उपलब्ध मशीनों की संख्या, भूसा आपूर्ति के लिए गौशालाओं की संख्या तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी शामिल की जाए। बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौड़ सहित अन्य जिलाधिकारीगण उपस्थित रहे। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 16 मार्च 2026