:: आयुक्त क्षितिज सिंघल ने जोन 10, 19 और 22 का किया निरीक्षण; नाले की सफाई के लिए मलेरिया टीम को दिए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण को लेकर निगमायुक्त क्षितिज सिंघल सोमवार को एक्शन मोड में नजर आए। आयुक्त ने जोन क्रमांक 10, 19 एवं 22 के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा कर सफाई व्यवस्था और ग्रीन बेल्ट की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिपलियाहाना क्षेत्र और खजराना ब्रिज के समीप ग्रीन बेल्ट में किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाने के कड़े निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट लहजे में कहा कि शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयुक्त सिंघल ने जोन 10 के अंतर्गत खजराना से बंगाली चौराहा मार्ग सहित जोन 19 के वार्ड 38 व 41 तथा जोन 22 के रोबोट चौराहा, रेडिसन चौराहा एवं स्टार चौराहा के आसपास स्थित ग्रीन बेल्ट का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीन बेल्ट का रखरखाव बेहतर तरीके से किया जाए ताकि शहर की हरियाली बनी रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे सफाई की गुणवत्ता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। :: त्वरित कार्रवाई से सुचारू हुआ यातायात :: निरीक्षण के दौरान खजराना क्षेत्र में बीती रात एक विशाल पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित होने की जानकारी आयुक्त के संज्ञान में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही टीम को सक्रिय किया और तत्काल पेड़ हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया। इसके अतिरिक्त, आयुक्त ने खजराना नाले का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम को नाले की सघन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो और मच्छरों के पनपने से होने वाली बीमारियों पर अंकुश लगाया जा सके। प्रकाश/16 मार्च 2026