:: दिल्ली में आयोजित अर्बन गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए महापौर; इंदौर की सफलता की दुनिया भर में चर्चा :: इंदौर/दिल्ली (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की विकास गाथा अब वैश्विक मंचों पर अर्बन गवर्नेंस के आदर्श मॉडल के रूप में पहचानी जा रही है। दिल्ली में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट द्वारा आयोजित अर्बन गवर्नेंस (शहरी शासन) पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शिरकत की। सम्मेलन में उन्होंने इंदौर के सफलतम पब्लिक पार्टिसिपेशन मॉडल और सिटी मैनेजमेंट की बारीकियों को दुनिया भर से आए प्रतिनिधियों के साथ साझा किया। जन-भागीदारी से बना वैश्विक ब्रांड सत्र को संबोधित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर आज जन-भागीदारी का एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने इंदौर की विकास यात्रा और यहाँ के गवर्नेंस मॉडल को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भार्गव ने रेखांकित किया कि इंदौर की स्वच्छता से लेकर यहाँ के बुनियादी ढांचे के विकास में जनता की हिस्सेदारी ही वह मुख्य कड़ी है, जो इस शहर को अन्य शहरों से विशिष्ट बनाती है। वैश्विक दिग्गजों के बीच साझा हुए विचार इस महत्वपूर्ण सत्र की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की। सम्मेलन में दिल्ली के कृष्णा नगर क्षेत्र के विधायक डॉ. अनिल गोयल सहित भारत और विश्व के विभिन्न कोनों से आए महापौर, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि और शहरी विकास विशेषज्ञ उपस्थित थे। महापौर भार्गव ने इस सम्मेलन को विचारों के आदान-प्रदान और शहरी विकास के भविष्य के लिए सहयोग मजबूत करने वाला एक मूल्यवान मंच बताया। प्रकाश/16 मार्च 2026