राज्य
16-Mar-2026
...


:: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने की अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा; 1450 बिस्तरों वाले नवीन परिसर में मिलेंगी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित नवीन अत्याधुनिक चिकित्सालय भवन की विस्तृत समीक्षा की। मंत्रालय भोपाल में आयोजित बैठक में उन्होंने चिकित्सा अधोसंरचना के विस्तार को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित नवीन चिकित्सालय भवन में कुल 1450 बिस्तरों की व्यवस्था होगी, जिसमें मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और पीडियाट्रिक्स सहित विभिन्न विभाग संचालित होंगे। मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए यहाँ 210 बिस्तरों का अत्याधुनिक आकस्मिक चिकित्सा विभाग, 200 बिस्तरीय आईसीयू यूनिट और 16 मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर निर्मित किए जाएंगे। यह भवन वर्तमान सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और निर्माणाधीन कैंसर चिकित्सालय के मध्य बनाया जाएगा ताकि सभी सेवाओं में बेहतर समन्वय बना रहे। परियोजना के तहत चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने हेतु नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए 550 बिस्तरीय छात्रावास, 250 सीट क्षमता का मिनी ऑडिटोरियम और आधुनिक प्रयोगशालाओं का विकास भी किया जाएगा। परिसर में आधुनिक रेडियोलॉजी, सेंट्रल लैब, ब्लड बैंक, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और पर्याप्त पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में आयुक्त स्वास्थ्य धनराजू एस, एमडी बीडीसी सिबी चक्रवर्ती सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/16 मार्च 2026