:: विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कुमारी रानी को किया पुरस्कृत :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। इंदौर के गांधीनगर स्थित नया बसेरा शासकीय प्राथमिक विद्यालय की चौथी कक्षा की छात्रा कुमारी रानी चौधरी ने राज्यस्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर उन्हें भोपाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सम्मानित किया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन और जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारु के मार्गदर्शन में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जनवरी 2026 में शासकीय विद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता से कुमारी रानी चौधरी की श्रेष्ठ प्रविष्टि को राज्य स्तर के लिए भोपाल भेजा गया था। 15 मार्च 2026 को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने छात्रा को 4000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय (19), नया बसेरा की इस नन्ही छात्रा की बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रा, उनके शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य स्कूली बच्चों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना है। प्रकाश/16 मार्च 2026