राज्य
16-Mar-2026
...


:: महापौर और एमआईसी सदस्य की बड़ी पहल; सात दिनों तक स्वच्छता, हरियाली और उत्सव का महासंगम :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के सात आसमान छूने वाला इंदौर आज से अपनी बस्तियों के कायाकल्प का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। इंदौर नगर निगम द्वारा आयोजित बस्ती बेमिसाल अभियान का शंखनाद आज यानी 17 मार्च से हो रहा है, जो आगामी 23 मार्च तक शहर की हर बस्ती को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ चलेगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और एमआईसी सदस्य व स्वास्थ्य एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के प्रभारी अश्विनी शुक्ला ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस सात दिवसीय आयोजन का उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि बस्तियों को मॉडल मोहल्लों में तब्दील करना है। अभियान का भव्य आगाज़ आज स्वच्छ चौपाल के साथ होगा, जहाँ कचरा संग्रहण और गीले-सूखे कचरे के पृथकीकरण पर नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा और सामूहिक श्रमदान के जरिए स्वच्छता की अलख जगाई जाएगी। आज की शुरुआत के बाद, 18 से 22 मार्च तक पूरे पांच दिनों के लिए बस्तियों में सौंदर्यीकरण और सघन पौधारोपण का महाभियान चलाया जाएगा। इस दौरान रिक्त स्थानों को हरा-भरा करने के साथ-साथ गलियों को रंग-रोगन कर संवारा जाएगा। अभियान का चरमोत्कर्ष 23 मार्च को एक भव्य स्लम कार्निवल के रूप में देखने को मिलेगा, जिसमें स्वच्छता के असली नायकों का सम्मान, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और वॉल पेंटिंग जैसी गतिविधियाँ बस्तियों में उत्सव का माहौल तैयार करेंगी। प्रभारी अश्विनी शुक्ला और महापौर ने शहरवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छ शहर - स्वच्छ बस्ती का यह सपना तभी पूरा होगा जब हर नागरिक अपनी बस्ती को अपनी असली पहचान मानकर संवारने में सक्रिय योगदान देगा। उन्होंने आह्वान किया है कि आइए, आज से मिलकर अपनी बस्ती की तस्वीर बदलें और इंदौर की स्वच्छता की गौरवगाथा में एक नया स्वर्णिम पृष्ठ जोड़ें। प्रकाश/16 मार्च 2026