राज्य
16-Mar-2026
...


:: 225 शराबी वाहन चालक नपे, ड्रोन से निगरानी और एनडीपीएस में ड्रग तस्करों की धरपकड़ :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों (नवरात्रि, ईद) के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस ने बीती रात पूरे शहर में सरप्राइज चेकिंग का महाभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने न केवल गुंडे-बदमाशों की कमर तोड़ी, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 225 लापरवाह चालकों के विरुद्ध 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की। एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह और आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में चारों जोन के डीसीपी ने बल के साथ मैदान संभाला। हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। कार्रवाई के दौरान लंबे समय से फरार 16 स्थाई वारंटियों सहित कुल 61 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान गुंडे-बदमाशों के डोजियर भरवाए और भविष्य में अपराध न करने की सख्त हिदायत दी। :: नशे के सौदागरों और अवैध शराब पर प्रहार :: पुलिस ने नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हासिल की। थाना सदर बाजार ने 10.39 ग्राम एमडी ड्रग्स, खजराना पुलिस ने 12 ग्राम एमडी और चंदन नगर पुलिस ने आधा किलो गांजे के साथ आरोपियों को दबोचा। इसके अलावा, अवैध शराब बेचने वाले 6 आरोपियों से 111 क्वार्टर शराब और 24 बीयर बोतलें जब्त की गईं। :: सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों की खैर नहीं :: अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब और मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध 8 प्रकरण दर्ज किए गए। दो बदमाशों को अवैध हथियारों (चाकू) के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने और लापरवाह वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की औचक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्रकाश/16 मार्च 2026