राज्य
16-Mar-2026
...


:: नो-पार्किंग में खड़े वाहनों की शिकायत के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा और आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। डीसीपी (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने यातायात टीम और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार और सुभाष चौक का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि दुकानों के बाहर लंबे समय तक खड़े वाहनों को अवैध पार्किंग माना जाएगा। इस व्यवस्था में आम नागरिकों और व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर अवैध पार्किंग की शिकायत कर सकते हैं, जिस पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। लगातार प्रयासों और नियमित भ्रमण के परिणामस्वरूप राजवाड़ा क्षेत्र का यातायात सुचारू रूप से संचालित रहा, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी राहत मिली है। यातायात पुलिस ने शहर के बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है। प्रकाश/16 मार्च 2026