:: जींस में छिपा रखी थी एमडी; तिलक नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जारी अभियान में तिलक नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंगाली चौराहा क्षेत्र से घेराबंदी कर शातिर तस्कर बिलाल खान (24) निवासी संविद नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 8.30 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 हजार रुपए है। थाना प्रभारी मनीष लोधा के अनुसार, पतारसी के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे संदिग्ध बिलाल को हिरासत में लेकर जब तलाशी ली गई, तो उसने अपनी जींस में ड्रग्स छिपा रखी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी की आड़ में सस्ते दाम पर ड्रग्स लाकर शहर के नशेड़ियों को ऊंचे दाम पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उनि सुरेंद्र डान मिंज, सउनि संजय चौहान और टीम की मुख्य भूमिका रही। प्रकाश/16 मार्च 2026