क्षेत्रीय
28-Mar-2026


दतिया ( ईएमएस ) सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद ग्वालियर की 19 वर्षीय युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और न्यूड फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान दतिया के कोटरा निवासी विवेक रावत से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने शादी का भरोसा दिया और 6 मार्च को उसे ग्वालियर के चेतकपुरी बुलाया। इसके बाद वह उसे बाइक से दतिया ले आया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने पीतांबरा मंदिर घुमाने का झांसा देकर उसे होटल ले गया। वहां धमकाकर उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसके न्यूड फोटो और वीडियो भी बना लिए। घटना के बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल अपने पास रख लिया और इंस्टाग्राम आईडी व पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद वह उसी आईडी से उसके दोस्तों से पैसे मांगने लगा। इतना ही नहीं, वह लगातार युवती और उसके परिजनों को कॉल कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलने की कोशिश करता रहा। मामला 25 मार्च को तब सामने आया जब आरोपी ने युवती के परिजनों और सहेलियों को उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेज दिए। इसके बाद डरी-सहमी युवती ने परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी विवेक रावत के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी, आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।