- 20 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार महासमुंद(ईएमएस)। जिले में एंबुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 20 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी की जा रही है। इसके बाद ग्राम चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो एंबुलेंस को रोककर जांच की गई, जिसमें नागपुर निवासी सलमान खान (26) और शिराज पठान (39) सवार थे। तलाशी के दौरान वाहन के पीछे रखी दो बोरियों से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त एंबुलेंस, 6,800 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जिले में 59 मामलों में कुल 3,367.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.79 करोड़ रुपए से अधिक है। इन मामलों में अब तक 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के शामिल हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मार्च 2026