* वडोदरा में कांग्रेस में शामिल हुए कई नेता, जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का ऐलान अहमदाबाद (ईएमएस)| राजीव गांधी भवन में प्रेस को संबोधित करते हुए गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में “कमीशन, कमल और घोटालों” की सत्ता चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के पसीने से कमाए गए टैक्स के पैसों की खुलेआम लूट हो रही है और आम लोग परेशान हैं। चावड़ा ने कहा कि कांग्रेस जनता को इस परेशानी से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है और वर्षों से जन आंदोलनों के माध्यम से लोगों की आवाज उठा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के भ्रष्ट शासक दिन-प्रतिदिन बेनकाब हो रहे हैं। उन्होंने वडोदरा की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हर साल मानसून में बाढ़ से भारी तबाही होती है, लेकिन जब शहर की जनता आवाज उठाती है तो उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। हरनी कांड बोट दुर्घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए नगर निगम में बैठे लोगों की भ्रष्ट नीतियां जिम्मेदार हैं। अमित चावड़ा ने बताया कि भाजपा के मौजूदा कॉर्पोरेटर आशिष जोशी ने सरकार के खिलाफ सवाल उठाए थे, जिसके चलते उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया। इस दौरान वडोदरा शहर कांग्रेस अध्यक्ष ऋत्विज जोशी की उपस्थिति में अमित चावड़ा ने वाघोडिया विधानसभा से छह बार विधायक रहे मधु श्रीवास्तव की पुत्री नीलम श्रीवास्तव का कांग्रेस में स्वागत किया। साथ ही धनंजय श्रीवास्तव ने भी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। अमित चावड़ा यह भी कहा कि 23 मार्च 2026 को भाजपा के कॉर्पोरेटर आशिष जोशी और पारूल पटेल भी कांग्रेस में शामिल हुए थे। चावड़ा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वडोदरा कांग्रेस की पूरी टीम शहर और गुजरात की जनता के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। सतीश/28 मार्च