राष्ट्रीय
14-Jun-2026


-9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंचा, कई राज्यों में प्री मानसून बारिश जारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर गया है। फिलहाल यह छत्तीसगढ़ की सीमा पर है। अगले तीन दिन में इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। देश के कई राज्यों में प्री मानसून सक्रिय है। राजस्थान समेत 9 राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश में शनिवार शाम राजधानी भोपाल समेत 4 जिलों में तेज बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली के तार और पेड़ टूट गए। यूपी में आंधी-बारिश में हादसों में 5 लोगों की जान चली गई। वहीं, झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा महाराष्ट्र के यवतमाल में दर्ज किया गया। यहां पारा 42.4 डिग्री रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 42, गुजरात के भावनगर में 41.9, राजस्थान के जैसलमेर में 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के 26 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। ओडिशा, कोस्टल आंध्र प्रदेश और कोंकण गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से 19 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश होगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 जून तक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 जून के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जून तक रुक-रुक कर बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 जून और 18-19 जून को बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 17 जून और 19 जून को बारिश की संभावना। सिराज/ईएमएस 14जून25